खखरेरू /फतेहपुर खखरेरू थाना क्षेत्र के सलवन गांव में गुरुवार देर शाम ट्रैक्टर से गिरकर एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके कंधे की हड्डी टूट गई। घटना के बाद क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध मिट्टी खनन को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस ने अवैध खनन की बात से इनकार किया है।
घायल नाबालिग की पहचान गांधी नगर निवासी राज, पुत्र अजय गौतम, के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार सलवन क्षेत्र में जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई का कार्य चल रहा था। उनका आरोप है कि खुदाई की गई मिट्टी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से अन्य स्थानों पर ले जाई जा रही थी। इसी दौरान राज ट्रैक्टर लेकर गया था। लौटते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके कंधे में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल उपचार के लिए मंझनपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसके कंधे की हड्डी टूटने की पुष्टि की। चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कथित अवैध मिट्टी खनन लंबे समय से जारी है और इसमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका यह भी कहना है कि नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाना गंभीर लापरवाही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने अवैध खनन के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि भट्ठे पर जेसीबी मशीन से सामान्य कार्य चल रहा था। उनके अनुसार क्षेत्र में किसी प्रकार के अवैध खनन की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर में चाबी लगी हुई थी और उस पर एक बच्चा बैठा था। बच्चे ने अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया, जिससे वह असंतुलित होकर नीचे गिर गया और घायल हो गया।
घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन मामले की जांच कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाता है या नहीं।