रोहनिया में मारपीट से मौत का मामला: 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई।

वाराणसी, पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी के अंतर्गत थाना रोहनिया पुलिस ने मारपीट के दौरान घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले में तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अपराधों की रोकथाम एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार प्रातः लगभग 5:30 बजे पंडितपुर गेट के पास हाईवे किनारे सर्विस लेन से तीनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में लक्ष्मीनारायण (60 वर्ष), अरविन्द पटेल (23 वर्ष) और आशीष कुमार पटेल (30 वर्ष), निवासी घमहापुर (हरदत्तपुर), थाना रोहनिया शामिल हैं।

घटना के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को वादी ने आरोप लगाया कि विपक्षियों ने उसके पिता के साथ गाली-गलौज व मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उसी दिन उनकी मृत्यु हो गई। इस संबंध में थाना रोहनिया में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक अमीर बहादुर सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक अमीर बहादुर सिंह, हेड कांस्टेबल विरेन्द्र कुमार वर्मा, कांस्टेबल सिन्टू कुमार एवं कांस्टेबल रामाश्रय यादव शामिल रहे।