वाराणसी, विश्व प्रसिद्ध अघोर पंथ के पवित्र तीर्थस्थल क्री-कुण्ड, रविन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर पीठाधीश्वर बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर 1 मई (शुक्रवार) को 55 जरूरतमंद नव युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन “अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान” के सौजन्य से किया जा रहा है, जो चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में जरूरतमंदों के लिए निरंतर कार्यरत है। संस्था के प्रमुख व्यवस्थापक अरुण सिंह एवं कार्यक्रम संयोजिका रूबी सिंह ने पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि सभी विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के तहत पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक हल्दी की रस्म आयोजित होगी, जबकि रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि तक सामूहिक विवाह संपन्न होगा। इसके पश्चात प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। इस अवसर पर अघोर पीठ के पीठाधीश्वर बाबा श्री सिद्धार्थ गौतम राम जी नवविवाहित जोड़ों एवं उपस्थित भक्तों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।