• Home
  • Uttar Pradesh
  • Rampur
  • Officials of the National Panchayati Raj Gram Pradhan Organization giving a memorandum in the District Magistrate's office.

जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देते राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारी।

रामपुर। राष्ट्रीय पंचायतीराज ग्राम प्रधान संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है। प्रधानों ने संगठन के जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह पर दर्ज मुकदमे के खिलाफ भी आवाज उठाई है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपाध्यक्ष काशिफ खां, चमरौआ ब्लॉक अध्यक्ष मनीष लोधी और सैदनगर ब्लॉक अध्यक्ष जवाब हुसैन के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव आगे बढ़ाए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिसको लेकर प्रदेश के सभी ग्राम प्रधान चिंतित हैं।

वर्तमान ग्राम प्रधान लोकतांत्रितक प्रक्रिया के तहत निर्वाचित हुए हैं और ग्राम पंचायत के विकास को गति देने में लगातार सक्रिय हैं। वर्तमान प्रधान अपनी अपनी ग्राम पंचायतों में जनता से जुड़ी समस्याओं से भी परिचित हैं। प्रधान विकास कराने व समस्याओं के निस्तारण कार्य का भी अनुभव रखते हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि  प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की नियुक्ति के बजाय वर्तमान ग्राम प्रधानों का ही कार्यकाल आगे बढ़ाया जाना चाहिए। पूर्व में प्रशासक नियुक्ति किए जाने की व्यवस्था सफल नहीं रही है। ग्राम प्रधान ही पूरी तरह से अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार और जवाबदेह हैं। इसलिए मौजूदा प्रधानों का ही कार्यकाल बढ़ाया जाना उचित रहेगा।

प्रधानों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन दिया, जिसमें संगठन के जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह पर दर्ज मुकदमे में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई है। प्रधानों ने जिलाध्यक्ष पर दर्ज मुकदमे को गलत बताया है।