गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा के गौ प्रकोष्ठ द्वारा गौमाता के सम्मान एवं संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को प्रेषित किया गया।

यह ज्ञापन थाना रसूलपुर, जिला फिरोजाबाद के प्रभारी निरीक्षक को सौंपा गया, जिसमें गौमाता को भारतीय संस्कृति, कृषि एवं सनातन परंपरा की आधारशिला बताते हुए उनके संरक्षण हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि गौमाता करोड़ों भारतीयों की आस्था का केंद्र हैं और सनातन धर्म में पूजा-अर्चना एवं हवन जैसे धार्मिक कार्य गौमाता के बिना अपूर्ण माने जाते हैं। ऐसे में सरकार को गौमाता के संरक्षण एवं सम्मान के लिए सख्त कानून बनाने चाहिए।

मुख्य मांगें इस प्रकार रहीं:

गौमाता को “राष्ट्र माता” का दर्जा दिया जाए। गौकशी एवं गौ तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ फांसी या आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान किया जाए। डेयरी की आड़ में हो रही गौ तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए तथा पशुओं की खरीद-फरोख्त का पूरा रिकॉर्ड प्रशासन द्वारा संधारित किया जाए। अवैध पशु कटान को पूर्णतः बंद कराया जाए एवं मीट विक्रेताओं के लाइसेंस की सख्ती से जांच की जाए।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से अनुरोध किया गया कि इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाए, जिससे गौमाता के सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर गौ प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदूवादी पंडित हृदेश शर्मा के नेतृत्व में कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

उपस्थित प्रमुख कार्यकर्ता: राहुल गर्ग, गुलफान, अंकित लहरी, उत्कर्ष पाठक, नितिन नारायण, मनीष कुमार, आयुष दुबे, अमित शर्मा, जतिन, अरबाज एवं अमिताभ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।