विश्व शांति की कामना के साथ निकली बाबा काल भैरव की 72वीं भव्य शोभायात्रा

वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा श्री काल भैरव की 72वीं दिव्य शोभायात्रा गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। चौखंभा स्थित काठ की हवेली से शुरू हुई शोभायात्रा में स्वर्णिम रथ पर विराजमान बाबा की स्वर्ण-रजत पंचबदन प्रतिमा के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। पूरे मार्ग में "हर-हर महादेव" और "जय बाबा काल भैरव" के जयघोष गूंजते रहे तथा विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, आरती और शीतल पेय सेवा से शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी द्वारा आयोजित शोभायात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, ताशा-बाजा, पाइप बैंड, डमरू दल और भजन-कीर्तन विशेष आकर्षण रहे। शोभायात्रा पारंपरिक मार्ग से होते हुए श्री काल भैरव मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाआरती एवं विशेष पूजन संपन्न हुआ। आयोजन में आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दौरान विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण और समाज की समृद्धि की कामना की गई।